रामगढ़ में किसानों-मजदूरों से डेढ़ करोड़ की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रामगढ़ में किसानों-मजदूरों से डेढ़ करोड़ की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Johar News Times
3 Min Read

रामगढ़, झारखंड के रामगढ़ जिले में किसानों और मजदूरों को सरकारी सब्सिडी का लालच देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ट्रैक्टर, हाइड्रा, डीप बोरिंग, मोटरसाइकिल, खाद-बीज और कृषि उपकरण दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से रकम वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलजीत छबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा और बबीता लकड़ा उर्फ आरती कुमारी के रूप में हुई है। दोनों पर किसानों और मजदूरों को सरकारी योजना के नाम पर झांसा देकर पैसे ऐंठने का आरोप है।

- Advertisement -
Ad image

सब्सिडी दिलाने का दिया गया था झांसा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने “झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी” के नाम का इस्तेमाल कर ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत उन्हें भारी सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी बहाने लगभग 80 किसानों और मजदूरों से लाखों रुपये जमा कराए गए।

रामगढ़ थाने में करीब 62 पीड़ित किसानों और मजदूरों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने ट्रैक्टर, डीप बोरिंग मशीन, हाइड्रा, मोटरसाइकिल, खाद और बीज के नाम पर की गई ठगी से जुड़े दस्तावेज और लेन-देन के सबूत भी पुलिस को सौंपे।

ऑनलाइन और नकद लेन-देन से हुई पुष्टि

- Advertisement -
Ad image

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन, ऑनलाइन भुगतान और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें ठगी की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय था और सरकारी योजना का नाम लेकर भरोसा जीतता था।

चतरा की युवती रामगढ़ में रह रही थी किराये पर

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि गिरफ्तार महिला बबीता लकड़ा उर्फ आरती कुमारी चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के रहाम गांव की रहने वाली है। वह रामगढ़ में किराये के मकान में रह रही थी। वहीं दूसरा आरोपी कुलजीत छबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा रामगढ़ शहर के गोढ़ियारी बाकी इलाके का निवासी है।

- Advertisement -
Ad image

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पांच अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने दूसरे जिलों में भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया हो सकता है।

ग्रामीण इलाकों में सरकारी योजनाओं और सब्सिडी के नाम पर बढ़ती धोखाधड़ी को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी योजना में पैसा जमा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि करने की अपील की है।

Share This Article