भीषण गर्मी में पेयजल और बिजली संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली आक्रोश रैली,
पश्चिमी सिंहभूम मुख्यालय चाईबासा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिजली और पेयजल संकट को लेकर आक्रोश रैली निकाली गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। रैली में पूर्व सांसद गीता कोड़ा और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर मार्च करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भीषण गर्मी के बीच जिले के कई इलाकों में लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल दिखावटी कार्रवाई कर रहा है, जबकि जमीन पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग पानी के लिए परेशान हैं और लगातार बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सबकुछ देखने के बावजूद समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन जनता की आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है ताकि सरकार जागे और जल्द राहत पहुंचाए।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि जिले में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और पेयजल संकट से निपटने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।










