सालगाडीह के छूटू लोहार की मौत के बाद गांव में तनाव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस,
सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र के सालगाडीह गांव में महुआ शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सालगाडीह निवासी छूटू लोहार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भादुडीह निवासी मानिक मंडल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाद के दौरान मानिक मंडल ने छूटू लोहार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम छूटू लोहार रोज की तरह महुआ शराब पीने के लिए मानिक मंडल के घर गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि मानिक मंडल ने पहले गर्म पानी फेंका और फिर पत्थर तथा लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छूटू लोहार को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी मानिक मंडल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे हत्या का मामला मानने से इंकार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। प्रथम दृष्टया मामला शराब पीने के दौरान हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
