बैंक कॉलोनी में लोगों ने दिखाई सतर्कता, चोरी की रकम के साथ दो हिरासत में
पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच मंगलवार को बैंक कॉलोनी में लोगों की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। भीख मांगने के बहाने घर में घुसी दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने चोरी के आरोप में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में महिला चोर गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार बैंक कॉलोनी निवासी कंचन कुमारी के घर मंगलवार सुबह दो महिलाएं भीख मांगने पहुंचीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों महिलाओं ने मौका देखकर घर के अंदर रखे पर्स से सात हजार रुपये निकाल लिए और वहां से निकलने लगीं। कुछ देर बाद गृहस्वामिनी की नजर जमीन पर पड़े पर्स पर पड़ी, जिसके बाद उन्हें चोरी का शक हुआ। शोर मचाते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और भागने की कोशिश कर रही एक महिला तथा उसके साथ मौजूद युवती को पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्थानीय लोगों ने दोनों के बैग की जांच की, जिसमें कथित तौर पर चोरी की गई नकदी बरामद हुई। सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी चुंडा हांसदा ने बताया कि मामले में एक महिला और एक युवती को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद शहर में सक्रिय महिला गिरोह को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भीख मांगने के बहाने घरों में घुसकर चोरी करने वाली महिलाओं का गिरोह कई इलाकों में सक्रिय है। लोगों ने बताया कि बलियाडांगा, नामूपाड़ा और पुलिस केंद्र के आसपास भी हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं।
लगातार हो रही वारदातों को लेकर लोगों में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का आरोप है कि नियमित निगरानी और गश्ती की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे दिनदहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
