चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर एक जंगली दंतैल हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सारंडा वन प्रमंडल के कोयना वन प्रक्षेत्र अंतर्गत कोलभोंगा के पास स्थित जंगल की है।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जमीन के नीचे प्लांट किए गए आईईडी पर जैसे ही हाथी का पैर पड़ा, जोरदार विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में हाथी के आगे के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया है।
ग्रामीणों ने घायल हाथी की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। हाथी के रेस्क्यू और इलाज की तैयारी शुरू कर दी गई है।
- कोलभोंगा के पास जंगल में हुआ हादसा
- नक्सलियों के प्लांट किए IED से हुआ विस्फोट
- दाहिने पैर में गंभीर चोट, चलने में असमर्थ
- वन विभाग रेस्क्यू और इलाज की तैयारी में जुटा
घटना स्थल के आसपास अन्य आईईडी होने की आशंका को देखते हुए वन विभाग और सुरक्षा बल सतर्कता बरत रहे हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए।









