छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के दक्षिण बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारसूर थाना क्षेत्र के तोडमा गांव के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद किया गया।
यह कार्रवाई CRPF की 195वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। ऑपरेशन के दौरान इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, INSAS और SLR राउंड, ग्रेनेड से जुड़े उपकरण, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर और संचार उपकरण बरामद किए गए।
इसके अलावा एक भरमार राइफल, वायरलेस सेट, बैटरियां और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह जखीरा किसी बड़े हमले की तैयारी का हिस्सा हो सकता था।
अधिकारियों का मानना है कि नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद अब उनके छिपे नेटवर्क और हथियार धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए हैं और बरामद सामग्री को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









