गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरीडीह गांव में पत्थर खदान संचालन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार देर रात हुए इस विवाद में 55 वर्षीय रफीक अंसारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

मृतक के परिजनों के अनुसार, रफीक अंसारी का अपने ही भतीजे जियाउल अंसारी और अन्य लोगों के साथ खदान संचालन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति के बुलावे पर रफीक वहां पहुंचे, जहां कहासुनी बढ़ते-बढ़ते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि जियाउल अंसारी, अयूब अंसारी और उसके बेटे ने मिलकर रफीक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।









