बहरागोड़ा में 50 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, टाटा पंच कार जब्त

बहरागोड़ा में 50 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, टाटा पंच कार जब्त

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर/बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बहरागोड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक भूरा रंग का टाटा पंच (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05DS-6333) में अवैध गांजा लेकर कुछ अपराधी बहरागोड़ा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।


गठित टीम ने कालियाबिंगा चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की से हरे रंग के दो प्लास्टिक बोरे बरामद हुए, जिनमें ब्राउन टेप से लिपटे 25 पैकेट गांजा मिले। कुल वजन 50 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके से भीम यादव और राज कुमार पाल को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के चिल्का झील के पास स्थित बाराकुल क्षेत्र से गांजा लाकर बिहार में सप्लाई करते थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article