स्कूल बस का इंतजार कर रही दो छात्राएं सड़क हादसे में घायल, एक को जमशेदपुर रेफर

स्कूल बस का इंतजार कर रही दो छात्राएं सड़क हादसे में घायल, एक को जमशेदपुर रेफर

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह आयता गांव के समीप हुए सड़क हादसे में दो स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। घटना उस समय हुई जब दोनों छात्राएं स्कूल बस का इंतजार कर रही थीं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार, आयता गांव निवासी अनुष्का और लवली सुबह संत जेवियर्स स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे बस स्टॉप पर खड़ी थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक कार और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित हो गए और सड़क किनारे खड़ी दोनों छात्राएं उनकी चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों को चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। वहीं दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया तथा वाहन चालकों की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भिजवाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद एक छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरी छात्रा का इलाज चाईबासा में जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article