डुमरिया: गुड़ाबांदा प्रखंड की बनमाकड़ी पंचायत स्थित सुवर्णरेखा नदी बालू घाट पर मंगलवार को हुए घटनाक्रम से इलाके में दहशत फैल गई। वृंदावनी मौजा में संचालित गोदावरी कमोडिटीज लिमिटेड के कैंप कार्यालय में दोपहर करीब 2:30 बजे कई वाहनों से पहुंचे करीब 18 युवकों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धमकी दी तथा दो कर्मचारियों को जबरन अपने साथ ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहुंचे युवकों के कारण कैंप कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों का दावा है कि काफिले में शामिल एक वाहन पर किसी जनप्रतिनिधि का लोगो भी लगा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन ने प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासनिक हस्तक्षेप और बढ़ते दबाव के बाद करीब दो घंटे के भीतर दोनों कर्मचारियों को छोड़ दिया गया। मौके पर थाना प्रभारी सुमित यादव और एएसआई गोर्येदा उरांव पुलिस बल के साथ पहुंचे।

थाना प्रभारी ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा कंपनी प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बहरागोड़ा गेस्ट हाउस बुलाया गया था। हालांकि स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि मामला केवल वार्ता का था तो कर्मचारियों को इस तरह जबरन ले जाने और भय का माहौल बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। कंपनी सूत्रों के अनुसार मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी गई है। निर्देश मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा में दोबारा बालू खनन शुरू कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कंपनी कार्यालय के पास स्थायी पुलिस कैंप स्थापित करने की तैयारी है तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
