गुड़ाबांदा में बालू खनन कंपनी के दो कर्मियों का कथित अपहरण, प्रशासन की सक्रियता से सुरक्षित रिहाई

गुड़ाबांदा में बालू खनन कंपनी के दो कर्मियों का कथित अपहरण, प्रशासन की सक्रियता से सुरक्षित रिहाई

Johar News Times
2 Min Read

कोईमा बालू परियोजना में मची अफरा-तफरी, कर्मचारियों को वाहन में बैठाकर ले गए लोग; पुलिस सुरक्षा में होगा खनन कार्य,

पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित कोईमा बालू खनन परियोजना में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खनन पट्टाधारक कंपनी गोदावरी कमोडिटी के दो कर्मचारियों को कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से जबरन उठा ले जाने की घटना सामने आई। घटना के बाद गुड़ाबांदा से लेकर जिला मुख्यालय और रांची तक प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई।

जानकारी के अनुसार, वृंदावनी गांव के पास स्थित कंपनी के कार्यालय परिसर में दोपहर करीब ढाई बजे पांच-छह वाहनों में सवार कुछ लोग पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कर्मचारियों के बारे में पूछताछ की और एचआर विभाग के एक कर्मचारी समेत दो कर्मियों को वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना से घबराकर कुछ कर्मचारी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन ने जिला खनन पदाधिकारी और प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और उच्च स्तर पर भी जानकारी साझा की गई। बाद में सूचना मिली कि दोनों कर्मचारियों को बहरागोड़ा क्षेत्र के आसपास छोड़ दिया गया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षित वापसी की।

कर्मचारियों के सुरक्षित लौटने के बाद कंपनी प्रबंधन ने खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं गुड़ाबांदा थाना प्रभारी सुमित कुमार यादव पुलिस बल के साथ कंपनी कार्यालय और खनन स्थल पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अब पुलिस सुरक्षा के बीच खनन कार्य संचालित किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article