प्रशिक्षित सहायक आचार्यों का रेंडमाइजेशन के माध्यम से हुआ पदस्थापन

प्रशिक्षित सहायक आचार्यों का रेंडमाइजेशन के माध्यम से हुआ पदस्थापन

Johar News Times
2 Min Read

पाकुड़, समाहरणालय सभागार में शनिवार को प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के आधार पर सहायक आचार्य संवर्ग अंतर्गत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) के पदस्थापन की प्रक्रिया संपन्न हुई। पदस्थापन की प्रक्रिया रेंडमाइजेशन के माध्यम से पारदर्शी तरीके से सभी शिक्षकों की उपस्थिति में कराई गई।

इस दौरान गणित एवं विज्ञान शिक्षक, सामाजिक विज्ञान शिक्षक तथा भाषा शिक्षकों का पदस्थापन निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की।

- Advertisement -
Ad image

मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पदस्थापन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जा रहा है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने नवपदस्थापित शिक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ करने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और बच्चों के भविष्य को सही दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण का भी आधार होता है। इसलिए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में अनुशासन, नैतिकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार सहित नवपदस्थापित शिक्षक उपस्थित थे।

Share This Article