पटना में दर्दनाक नाव हादसा: गंगा नदी में नाव पलटी, 3 की मौत, 5 लोग अब भी लापता

पटना में दर्दनाक नाव हादसा: गंगा नदी में नाव पलटी, 3 की मौत, 5 लोग अब भी लापता

Johar News Times
3 Min Read

पटना : बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ गंगा घाट के पास तेज हवा के कारण यात्रियों से भरी नाव बीच धारा में पलट गई। हादसे के समय नाव पर करीब 14 लोग सवार थे, जो समस्तीपुर जिले के दियारा क्षेत्र में खेती और सब्जी तोड़ने के काम के लिए जा रहे थे। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

तेज हवा के कारण बीच नदी में पलटी नाव

जानकारी के अनुसार बिंद टोली के लोग रोजाना की तरह नाव से समस्तीपुर के सुल्तानपुर दियारा इलाके की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 5:45 बजे नाव गंगा नदी की बीच धारा में पहुंची थी। इसी दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव असंतुलित हो गई और पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय नदी की धारा काफी तेज थी, जिसके कारण कई लोग बह गए। आसपास मौजूद मल्लाहों और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया। उनकी मदद से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एनडीआरएफ और प्रशासन चला रहा सर्च ऑपरेशन
प्रशासन की ओर से बताया गया कि शुरुआती दौर में दो शव बरामद किए गए थे, जबकि बाद में एक और व्यक्ति की मौत की सूचना सामने आई। फिलहाल 5 लोगों की तलाश जारी है। एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पटना और समस्तीपुर जिला प्रशासन संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटा हुआ है। बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक टीम मौके पर कैंप कर रही है। जिलाधिकारी भी घटनास्थल पहुंचकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

क्षमता से अधिक सवारी होने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। तेज हवा और ऊंची लहरों के बीच नाव संतुलन नहीं बना सकी, जिससे हादसा हो गया। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रेस्क्यू किए गए घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गंगा नदी में लगातार हो रहे नाव हादसों के बाद एक बार फिर सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने नावों की नियमित जांच, लाइफ जैकेट की अनिवार्यता और सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

Share This Article