सोनुवा में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से यूपी के मजदूर की मौत

सोनुवा में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से यूपी के मजदूर की मौत

Johar News Times
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की मौत हो गई। घटना एनएच-320डी पर स्थित गोलमुंडा कुनुसाई के पास हुई, जहां बिजली विभाग के कार्य में लगे एक मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के तिवारीपुर निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार सोनुवा क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा पुराने बिजली खंभों और तारों को हटाकर नए केबल लगाने का कार्य चल रहा है। यह काम उत्तर प्रदेश के ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे मजदूर बिजली से जुड़े सामान लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली से कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पवन कुमार ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से से नीचे गिर गया और पीछे चल रही ट्रॉली की चपेट में आ गया।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से उसे पहले इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article