पाकुड़, शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार देर रात पाकुड़ के बैंक कॉलोनी स्थित एक बंद मकान में चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मकान निर्माणाधीन था। घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और घर में रखे सामानों की चोरी कर ली। बताया गया कि घर मालिक सुभेन चंद्र शाहा के भतीजे घर में रहते थे, जो परीक्षा देने बोकारो गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
रविवार सुबह परीक्षा देकर लौटने पर भतीजे ने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे शादी के नए कपड़े, बढ़ई मिस्त्री के मशीनरी उपकरण तथा गैरेज में खड़े टेंपो (नंबर BR10P B8767) की बैटरी चोरी कर ले गए।
बताया गया कि एक सप्ताह पूर्व ही घर मालिक की बेटी की शादी हुई थी। शादी में उपयोग के लिए रखे गए नए कपड़े एवं अन्य सामान भी चोरी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। एएसआई अरुण ठाकुर ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि चोर नए कपड़े, बढ़ई मिस्त्री के उपकरण तथा टेंपो की बैटरी चोरी कर ले गए हैं।

घर मालिक सुभेन शाह ने बताया कि उनका भतीजा परीक्षा देने बोकारो गया था। लौटने पर चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी हुई है। मामले को लेकर थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










