स्पेशल स्टोरी: जमशेदपुर में ‘बेमौसम’ बारिश का डबल अटैक, थाली से गायब हो रही हरी सब्जियां, बजट बिगड़ा

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ रसोई का बजट भी पूरी तरह बिगाड़ दिया है। एक तरफ जलजमाव से लोग परेशान हैं, तो दूसरी तरफ आसमान छूती सब्जियों की कीमतों ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह के भीतर ही सब्जियों के दामों में ₹5 से ₹10 प्रति किलो तक का उछाल देखा गया है।

खेतों में डूबी फसल, मंडियों में घटी आवक

सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर होने वाली फसलें बर्बाद हो रही हैं। उत्पादन घटने की वजह से साकची, बिष्टुपुर और मानगो जैसे प्रमुख बाजारों में सब्जियों की आवक कम हो गई है। अब व्यापारियों को दूसरे राज्यों और शहरों से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं, जिससे परिवहन लागत (ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट) बढ़ने के कारण कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं।

- Advertisement -
Ad image

बाजार का हाल: धनिया और लहसुन ने छुड़ाए पसीने

बाजार में स्थिति यह है कि धनिया पत्ता और लहसुन ₹200 प्रति किलो के पार पहुंच चुके हैं। करेला और पटल जैसी आम सब्जियां भी ₹60 से ₹80 के बीच बिक रही हैं। हालांकि, इन सबके बीच राहत की एकमात्र खबर टमाटर है, जो शहर के बाजारों में ₹3 से ₹5 प्रति किलो के बेहद सस्ते दाम पर बिक रहा है।

बाजार भाव पर एक नज़र (प्रति किलो/पीस):
भिंडी: 40-50 रुपए
बरबट्टी: 30-40 रुपए
पटल: 50-60 रुपए
मूली: 50-60 रुपए
कटहल: 40-50 रुपए
बैंगन: 40-45 रुपए
खीरा: 30-40 रुपए
धनिया पत्ती: 200 रुपए
गाजर: 60-65 रुपए
पालक: 50-60 रुपए
लहसुन: 200 रुपए
अदरख: 120 रुपए
करेला: 70-80 रुपए
नेनुआ: 40 रुपए
टमाटर: 3-5 रुपए
नींबू: 10 रुपए प्रति पीस.

मौसम विभाग का अपडेट: कल से मिल सकती है राहत

गुरुवार सुबह जमशेदपुर में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी रही। चाकुलिया, घाटशिला और बहरागोड़ा जैसे क्षेत्रों में भी जमकर बादल बरसे। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल यानी कल से मौसम साफ होने की उम्मीद है। बारिश थमने के बाद आपूर्ति सुधरने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में कीमतों में थोड़ी नरमी आ सकती है। हालांकि, तब तक तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें। लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें।”–joharnewstimes.com

Share This Article