सरायकेला-खरसावां जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली चौका-कांड्रा मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर जनआक्रोश सड़कों पर उतरने लगा है। लगभग एक वर्ष से जर्जर पड़ी इस टोल रोड को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह ईचागढ़ के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरे लाल महतो ने सरकार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सड़क नहीं, हादसों को दावत दे रहे हैं गड्ढे सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में हरे लाल महतो ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह मार्ग केवल ईचागढ़ ही नहीं, बल्कि सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम के हजारों लोगों के लिए राजधानी रांची पहुंचने का मुख्य मार्ग है। इसके बावजूद चौका क्षेत्र के आसपास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। भारी वाहनों के कारण सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
बदहाल सड़क पर टोल वसूली पर उठाए सवाल महतो ने हैरानी जताते हुए कहा कि एक तरफ सड़क चलने लायक नहीं है, वहीं दूसरी तरफ टोल प्लाजा पर वसूली बेधड़क जारी है। यह जनता के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि तत्काल टोल वसूली रोकी जाए या सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी हरे लाल महतो ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई, तो आजसू पार्टी चुप नहीं बैठेगी। जनता के हितों के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








