साहिबगंज: पेट्रोल-डीजल बचाने का अनोखा संदेश, घोड़े पर सवार होकर ब्लॉक ऑफिस पहुंचे जिला परिषद उपाध्यक्ष

ईंधन की बचत और पर्यावरण सुरक्षा का बड़ा संदेश: साहिबगंज के जनप्रतिनिधि का अनोखा अंदाज, गाड़ी छोड़ घोड़े से पहुंचे ब्लॉक ऑफिस!

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के साहिबगंज जिले से पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को लेकर एक बेहद दिलचस्प और अनोखी तस्वीर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने और पर्यावरण की रक्षा करने के आह्वान से प्रेरित होकर साहिबगंज जिला परिषद के उपाध्यक्ष सुनील यादव सोमवार को घोड़े पर सवार होकर सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। उनके इस अनोखे अंदाज को जिसने भी देखा, वह देखता रह गया। अब पूरे जिले में इसकी जमकर चर्चा हो रही है।

कार्यालय पहुंचने के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज जिस रफ्तार से प्रदूषण बढ़ रहा है और ईंधन की खपत हो रही है, उसे देखते हुए अब हर नागरिक को जागरूक होना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, “मेरा यह प्रयास केवल एक दिन का दिखावा या प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि मैं लोगों को यह संदेश देना चाहता हूँ कि हम अपने दैनिक जीवन में व्यवहारिक बदलाव लाएं। अगर हमें कम दूरी तय करनी हो, तो हम गाड़ियों का इस्तेमाल छोड़कर साइकिल, पैदल या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर सकते हैं।”


साहिबगंज जिले में यह पहली बार है जब किसी बड़े जनप्रतिनिधि ने पर्यावरण जागरूकता के लिए इस तरह का अनूठा कदम उठाया है। सुनील यादव ने आम जनता से भी अपील की है कि पर्यावरण को बचाने और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए सभी को अपने स्तर पर छोटे-छोटे योगदान देने होंगे। स्थानीय ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने उपाध्यक्ष की इस पहल की सराहना की है और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया है।

Share This Article