लातेहार, लातेहार गुरुवार को लातेहार जिला परिषद की बैठक अध्यक्ष पूनम देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत में ही बरवाडीह के दोनों जिला परिषद सदस्यों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मामला प्रखंड मुख्यालय के बस स्टैंड में जिला परिषद के माध्यम से प्रस्तावित दुकान निर्माण कार्य से जुड़ा था।जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि पूर्व की बोर्ड बैठक में उन्होंने दुकान निर्माण में विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई थी, जिस पर चर्चा के बाद कार्रवाई शुरू की गई थी। इस दौरान जिला परिषद सदस्य कन्हाई सिंह ने विस्थापितों को प्राथमिकता देने का विरोध करते हुए कहा कि जिला परिषद को अधिक राजस्व प्राप्त करने के लिए दुकानों की नीलामी कराई जानी चाहिए।इस पर संतोषी शेखर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वहां रहकर जीवन-यापन कर रहे लोगों को प्राथमिकता देना कोई अपराध नहीं है और इस मुद्दे पर राजनीति करना गलत है। इस मुद्दे को लेकर दोनों सदस्यों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और हंगामा होता रहा। बाद में डीडीसी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
बैठक के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने जनसेवकों के नियमविरुद्ध हस्तांतरण का मामला उठाते हुए आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही सरकारी उच्च विद्यालयों एवं प्लस-टू विद्यालयों में नामांकन के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने डीएमएफटी के माध्यम से संचालित योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात भी कही।बैठक में बरवाडीह, बालूमाथ, चंदवा और महुआडांड़ बस स्टैंड में तोरण द्वार निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा चंदवा के बुध बाजार और मनिका बाजार को जिला परिषद के अधिग्रहण में लेने तथा मनिका में जिला परिषद बस स्टैंड निर्माण पर भी चर्चा हुई।जिला परिषद सदस्य सरोज देवी ने चंदवा प्रखंड में पेयजल संकट और खराब पड़े जलमीनारों का मुद्दा उठाया। वहीं बालूमाथ सदस्य प्रियंका कुमारी ने मुरपा, भगिया और सिरम विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण तथा खनन क्षेत्र में संचालित माइंस द्वारा स्थानीय लोगों को सुविधा नहीं दिए जाने का मामला उठाया।गारू जिला परिषद सदस्य जीरा देवी ने बीडीओ के चालक द्वारा सरकारी आवास पर कब्जा जमाने का आरोप लगाया। साथ ही बाड़ेसांड़ उच्च विद्यालय के जर्जर भवन का मामला भी बैठक में उठाया गया।वहीं लातेहार जिला परिषद सदस्य बिनोद उरांव ने कल्याण विभाग द्वारा बालूमाथ के तुमागड़ा में मसना स्थल समेत एक दर्जन योजनाओं में बिना कार्य कराए राशि निकासी और फर्जी ग्रामसभा के जरिए भुगतान किए जाने की जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
