पोटका के कोवाली में राशन वितरण पर बवाल, महीनों से अनाज नहीं मिलने का आरोप; लाभुकों ने लाइसेंस रद्द करने की मांग

पोटका के कोवाली में राशन वितरण पर बवाल, महीनों से अनाज नहीं मिलने का आरोप; लाभुकों ने लाइसेंस रद्द करने की मांग

Johar News Times
2 Min Read

पोटका/पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। पंचायत क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं और राशन कार्डधारियों ने राशन दुकानदार ललिता खंडापातर पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन से पांच महीनों से उन्हें नियमित रूप से राशन का चावल नहीं मिल रहा है। लाभुकों का कहना है कि राशन दुकान में ई-पॉस मशीन पर उनका फिंगरप्रिंट लिया जाता है, रसीद भी निकल जाती है, लेकिन उसके बाद भी उन्हें निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जाता। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन वितरण के दौरान वजन में गड़बड़ी की जाती है। महिलाओं का कहना है कि तराजू में पत्थर और बटखरा का इस्तेमाल कर कम राशन दिया जाता है। बताया जा रहा है कि उक्त दुकान से करीब 646 राशन कार्डधारी परिवार जुड़े हुए हैं, जिनमें अधिकांश गरीब और मजदूर वर्ग के लोग शामिल हैं।

ग्रामीणों की ओर से सोनूका महतो के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषी पाए जाने पर राशन दुकानदार का लाइसेंस तत्काल रद्द करने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने किसी नए और योग्य डीलर की नियुक्ति कर नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने की अपील की है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संबंधित राशन दुकानदार या प्रखंड आपूर्ति विभाग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article