दुमका: अटल बिहारी वाजपेयी बस स्टैंड से एक निजी बस के अचानक गायब होने से शनिवार सुबह हड़कंप मच गया। बस स्टैंड पहुंचने पर पागल बाबा कंपनी के चालक और कर्मचारियों ने देखा कि बस अपने निर्धारित स्थान पर नहीं है। बस की देखरेख करने वाला खलासी भी लापता था, जिसके बाद बस चोरी की आशंका जताते हुए नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने विभिन्न इलाकों में तलाश शुरू की। जांच के दौरान बस मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोदो खिच्चा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शुक्रवार शाम बस खड़ी करने के बाद चालक और अन्य कर्मचारी घर चले गए थे, जबकि बस की जिम्मेदारी खलासी के पास थी। देर रात उसका एक मित्र उससे मिला, जिसे घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था। मित्र की मदद करने के लिए खलासी बिना किसी अनुमति के बस लेकर निकल पड़ा।
बताया जा रहा है कि मित्र को घर पहुंचाने के दौरान रास्ते में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद खलासी बस को वहीं छोड़कर चला गया। वहीं, सुबह बस के गायब मिलने पर कर्मचारियों ने इसे चोरी की घटना समझ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच की जा रही है कि बस किस परिस्थिति में स्टैंड से निकाली गई और दुर्घटना कैसे हुई। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
