रांची में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, PCR और हाईवे पेट्रोल को 24×7 सतर्क रहने का निर्देश

रांची में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, PCR और हाईवे पेट्रोल को 24×7 सतर्क रहने का निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अपर पुलिस महानिदेशक-सह-दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के निर्देश तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के मार्गदर्शन में नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में सभी पीसीआर और हाईवे पेट्रोल कर्मियों की विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस उपाधीक्षक नगर नियंत्रण कक्ष ने पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और चालकों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अवैध अड्डेबाजों, नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने, बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों की निगरानी बढ़ाने तथा नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने पर बल देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और जिले में बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पीसीआर और हाईवे पेट्रोल की निगरानी व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article