दिल्ली लौटने से पहले नितिन नवीन का बड़ा दावा: ‘झारखंड मेरा दूसरा घर, राज्य में फिर लौटेगा भाजपा का राज’

दिल्ली लौटने से पहले नितिन नवीन का बड़ा दावा: 'झारखंड मेरा दूसरा घर, राज्य में फिर लौटेगा भाजपा का राज'

Johar News Times
3 Min Read

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के समापन पर राज्य को अपना “दूसरा घर” बताते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड में भाजपा की राजनीतिक ताकत फिर से मजबूत होगी। रविवार को दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि झारखंड की पावन धरती भाजपा के लिए उज्ज्वल भविष्य लेकर आएगी और संगठन को पहले जैसी मजबूती के साथ खड़ा किया जाएगा।

प्रदेश कार्यालय से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कोर कमेटी सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कर आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा की। राजनीतिक हलकों में उनके इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ओरमांझी में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पैतृक आवास पर हुई अहम बैठक

दौरे के दूसरे दिन रविवार को नितिन नवीन ओरमांझी के कुच्चू स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात की और अल्पाहार किया। इसके बाद आवास पर आयोजित उच्च स्तरीय परिचयात्मक बैठक में झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और रांची के तीनों जिलों के कार्यसमिति सदस्यों से संवाद किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती, आगामी चुनौतियों और भाजपा के विस्तार को लेकर मार्गदर्शन देते हुए ‘विकसित झारखंड और विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और राज्य में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Share This Article