मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए हालिया क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना से सबक लेते हुए रांची जिला प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राजधानी के तमाम बांधों और जलाशयों में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सुरक्षा के लिए बनेगा ‘वाटर ट्रांसपोर्ट एक्शन ग्रुप’
जिला समाहरणालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में उपायुक्त ने “वाटर ट्रांसपोर्ट एक्शन ग्रुप” बनाने का निर्देश दिया है। यह ग्रुप जिला स्तर पर जल परिवहन की निगरानी करेगा और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स टीम के रूप में कार्य करेगा।
बोटिंग के लिए नए और सख्त नियम:
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में निम्नलिखित मुख्य निर्णय लिए गए:
- सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि पर्यटक लाइफ जैकेट की बेल्ट सही से बांधें।
- अब हर नाव के लिए वैध ‘फिटनेस प्रमाण-पत्र’ होना अनिवार्य है। बिना फिटनेस सर्टिफिकेट वाली नावों को पानी में उतरने की अनुमति नहीं मिलेगी।
- खराब मौसम या तेज हवाओं के दौरान बोटिंग गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी जाएगी।
- नावों की गति सीमा तय कर दी गई है। पानी में किसी भी तरह की स्टंटबाजी या नशापान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।









