हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में ऑक्सीजन पाइप फटा, बिजली बाधित होने के दौरान टला बड़ा हादसा

हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में ऑक्सीजन पाइप फटा, बिजली बाधित होने के दौरान टला बड़ा हादसा

Johar News Times
2 Min Read

हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान ऑक्सीजन पाइपलाइन से जुड़े जंबो सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया, जिससे स्पार्किंग और आग लगने की घटना हुई। इसके चलते कुछ समय के लिए एसएनसीयू की ऑक्सीजन आपूर्ति भी ठप हो गई। घटना के समय वार्ड में कई नवजात भर्ती थे, जिनमें तीन शिशु वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने अपने प्रतिनिधि रंजन चौधरी को अस्पताल भेजकर स्थिति की जानकारी ली।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर के निर्देश पर तकनीकी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पाइप को बदला और ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल कर दी। शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. क्षितिज आनंद ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की निगरानी की। एहतियात के तौर पर निजी अस्पतालों से संपर्क किया गया, लेकिन सप्लाई बहाल होने के बाद नवजातों को कहीं और शिफ्ट करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। घटना के दौरान आग बुझाने की कोशिश में एक वार्ड बॉय का हाथ हल्का झुलस गया। समय पर कार्रवाई और अस्पताल कर्मियों की तत्परता से किसी बड़े नुकसान को टाल दिया गया। हालांकि इस घटना ने अस्पताल की ऑक्सीजन पाइपलाइन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article