पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राज्य की राजनीति में सनसनी फैला दी है। मामले की जांच कर रही SIT को शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और इसमें प्रोफेशनल शूटर्स को हायर किया गया था।
72 घंटे तक करते रहे पीछा
SIT सूत्रों के अनुसार हमलावर पिछले तीन से चार दिनों से चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। पुलिस को शक है कि हत्या से पहले उनकी हर मूवमेंट की रेकी की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
घटना बुधवार रात करीब 10:20 बजे जेसोर रोड के दोहड़िया इलाके में हुई। चंद्रनाथ रथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो SUV से गुजर रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।
पॉइंट ब्लैंक रेंज से की गई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर बाइक और कार से पहुंचे थे। पहले कार से SUV का रास्ता रोका गया, फिर बाइक सवार शूटर गाड़ी के पास पहुंचे और बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस को शक है कि हमले में अत्याधुनिक Glock 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया गया।
हमले में चंद्रनाथ रथ के सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। वहीं वाहन चालक बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस और गोलियां बरामद की हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि चंद्रनाथ रथ को बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी। अधिक खून बहने और शरीर के महत्वपूर्ण अंग क्षतिग्रस्त होने के कारण उनकी मौत हुई।
इस हत्याकांड को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने इसे “कोल्ड ब्लडेड” और पूर्व नियोजित हत्या करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उनके सहयोगी को निशाना बनाया गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और SIT की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वारदात में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा कि हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच से साफ है कि हमला बेहद पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया।








