रांची , झारखंड पुलिस ने राज्य में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.54 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और नकली शराब जब्त की है। अलग-अलग जिलों में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में सक्रिय ड्रग्स और अवैध शराब नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस ने खूंटी, सिमडेगा, बोकारो और रामगढ़ समेत कई जिलों में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की।
खूंटी में ट्रक से 2.08 करोड़ की पोस्ता भूसी बरामद
सबसे बड़ी कार्रवाई खूंटी जिले में हुई, जहां पुलिस ने एक ट्रक से 1,388 किलोग्राम पोस्ता भूसी (पॉपी हस्क) बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रानिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोका। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर ट्रक से 69 बोरे में भरी पोस्ता भूसी बरामद हुई। एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पंजीकृत है और मादक पदार्थ की खेप यूपी ले जाई जा रही थी। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इंटरस्टेट ड्रग तस्कर गिरफ्तार
खूंटी जिले में ही पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 14.52 ग्राम ब्राउन शुगर और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सिमडेगा में गांजा, पिस्तौल और कारतूस जब्त
सिमडेगा जिले में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 43 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 21.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में कई बार नशीले पदार्थों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
बोकारो में 47 किलो गांजा बरामद
बोकारो जिले में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो प्लास्टिक बैग से 47 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 23.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रामगढ़ में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
रामगढ़ जिले के अपर खाखरा गांव में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 250 पेटी नकली विदेशी शराब, 1,800 लीटर तैयार शराब और 1,600 लीटर स्पिरिट बरामद की। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तेज हुआ अभियान
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार और सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने विभिन्न जिलों में लगातार अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।








