जमशेदपुर/कोल्हान: जोहार इस पावन धरती को, जोहार इस मिट्टी की खुशबू को। जंगल की सरसराहट से लेकर शहर की हलचल तक, जनता की समस्याओं से लेकर विकास की राह तक—अब हर मुद्दा गूंजेगा बुलंद आवाज में। ‘कोल्हान की आवाज’ में आपका स्वागत है, मैं हूं रंजना। आइए नजर डालते हैं क्षेत्र की आज की बड़ी खबरों पर।
नक्सली मुठभेड़ और आईईडी ब्लास्ट से दहला सारंडा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। रविवार को मरांग पोंगा इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी (IED) ब्लास्ट हुआ, जिसमें सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। इसके बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। घायल कमांडेंट को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, कई नक्सलियों के हताहत होने की भी खबर है।
फुटबॉल का रोमांच: लोकल हंटर ने जीता पोटका का फाइनल
पोटका प्रखंड के रांगा माटिया में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। विधायक संजीव सरदार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कुल 32 टीमों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले के फाइनल में ‘लोकल हंटर’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि तबास एफसी उपविजेता रही।
प्रकृति से उपचार: बुटगोड़ा में लगा ‘जंगल मेला’
ग्वालकाटा पंचायत के बुटगोड़ा में पर्यावरण चेतना केंद्र की ओर से जंगल मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान सह कविराज उदयनाथ मुर्मू ने ग्रामीणों को जड़ी-बूटियों की पहचान कराई। उन्होंने बताया कि जंगल सुरक्षित रहेंगे तभी जड़ी-बूटियां मिलेंगी और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति जीवित रहेगी।
बाहा बोंगा: सालबनी में गूंजे पारंपरिक गीत
लावा टोला सालबनी स्थित दशोम जाहिर गाड़ में प्रकृति पर्व ‘बाहा बोंगा’ धूमधाम से मनाया गया। नायके बाबा पूर्ण हेब्रम ने पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आई टीमों ने निस्वार्थ भाव से अपनी प्रस्तुतियां दीं।
अपराध और सुरक्षा: सरजामदा में घर पर बम हमला
परसूडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा में प्रिया देवी नामक महिला के घर पर अपराधियों ने बम से हमला किया। पीड़िता ने एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। बता दें कि महिला के पति संजीव सिंह की 2016 में हत्या कर दी गई थी, जिसमें हाल ही में दो दोषियों को उम्रकैद हुई है। महिला ने आशंका जताई है कि जेल से छूटे आरोपी बदले की भावना से हमला कर रहे हैं।
विजय जुलूस: नितिन प्रकाश बने नगर परिषद अध्यक्ष
चाईबासा में नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश का भव्य विजय जुलूस निकाला गया। परिवहन मंत्री दीपक बिरवा ने उनका स्वागत किया। नितिन प्रकाश ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए शहर में पेयजल, स्वच्छता और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का वादा किया।
किशोरी का अपहरण: पुलिस जांच में जुटी
जमशेदपुर के कदमा से एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने भागलपुर निवासी रवि यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।
विकास की सौगात: खरसावां में केरसे मुंडा चौक का सौंदर्यीकरण
विधायक दशरथ गागराई ने 1.57 करोड़ रुपये की लागत से केरसे मुंडा चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत रेलिंग, आधुनिक लाइटिंग और टाइल्स बिछाने का कार्य किया जाएगा। विधायक ने बताया कि शहीद पार्क को भी भव्य रूप दिया जा रहा है।
जाम की समस्या: पितकी रेलवे फाटक पर यात्री बेहाल
सरायकेला-खरसावां के एनएच-32 पर स्थित पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण घंटों जाम लग रहा है। झारखंड, बिहार और ओडिशा जाने वाले यात्री और ट्रक चालक भीषण गर्मी में भूखे-प्यासे फंसे रहने को मजबूर हैं। फ्लाईओवर का काम अधूरा होने के कारण लोगों में केंद्र सरकार और एनएचएआई के खिलाफ भारी रोष है।
सड़क हादसा: दावांकी में खंभे से टकराई कार
हाथा-जादूगोड़ा मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा उखड़ गया, लेकिन एयरबैग खुलने के कारण कार सवार लोग सुरक्षित बच गए। इस हादसे के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
आगलगी की घटनाएं: लाखों का नुकसान
- तुरियाबेड़ा: एमजीएम थाना क्षेत्र में वीरेंद्र कुमार के घर में आग लगने से बहन की शादी का सामान, टीवी और कूलर समेत करीब 2 लाख की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
- भोलाडीह: सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर एक गैरेज में आग लगने से एक मोटरसाइकिल और 70 हजार का सामान जल गया











