झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद ने परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन करते हुए नई तिथि जारी कर दी है। अब राज्य की पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
परिषद की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 जून से बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी गई है, जिससे अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। वहीं, आवेदन पत्र में सुधार की सुविधा 23 और 24 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी।
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने पंजीकरण विवरण के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
राज्यभर में परीक्षा केंद्र रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग के अनुसार, अकेले धनबाद जिले में इस वर्ष 16 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। परीक्षा तिथि आगे बढ़ने से छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 22 जून 2026
- फॉर्म करेक्शन: 23–24 जून 2026
- एडमिट कार्ड जारी: परीक्षा से 4 दिन पहले
- प्रवेश परीक्षा: 12 जुलाई 2026
परिषद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और नए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखें।
