जमशेदपुर: लौहनगरी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। शनिवार शाम होते ही शहर में तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जहाँ एक ओर लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर शहर की ड्रेनेज व्यवस्था और स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाकर रख दीं।
गर्मी से मिली राहत, 8 डिग्री गिरा पारा
पिछले कई दिनों से 42 डिग्री के पार जा चुके तापमान के कारण शहरवासी बेहाल थे। लगातार तीसरे दिन हुई इस बारिश ने तापमान को सीधे 8 डिग्री नीचे गिरा दिया है। मई के महीने में लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश का यह सिलसिला 5 मई तक जारी रहने का अनुमान है।
नदी में तब्दील हुआ बिष्टुपुर, गाड़ियां हुईं जलमग्न
मूसलाधार बारिश ने शहर के सबसे पॉश इलाके बिष्टुपुर की सूरत बिगाड़ दी है। बिष्टुपुर मेन रोड और चौक कुछ ही घंटों की बारिश में नदी की तरह दिखने लगा। जलजमाव इतना भयावह था कि सड़क पर खड़े और चल रहे सैकड़ों टू-व्हीलर पानी में डूब गए।
स्वच्छता अभियान की खुली पोल
पॉश इलाकों में घुटने भर पानी लगने से प्रशासन के स्वच्छता और ड्रेनेज सफाई के दावों की पोल खुल गई है। जलभराव के कारण सड़क पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं और कई वाहन पानी के बीच ही बंद हो गए, जिससे लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।









