Jamshedpur News : मानगो में गैराज चोरी का आरोपी गिरफ्तार, टाटानगर स्टेशन से दो मोबाइल चोर दबोचे गए

Jamshedpur News : मानगो में गैराज चोरी का आरोपी गिरफ्तार, टाटानगर स्टेशन से दो मोबाइल चोर दबोचे गए

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर में चोरी की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है। मानगो थाना क्षेत्र में कार गैराज और बॉडी बिल्डर दुकान में चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं टाटानगर रेलवे स्टेशन से दो मोबाइल चोरों को चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ा गया है।

मानगो थाना क्षेत्र के परडीह स्थित कुमरूम बस्ती में 22 और 24 अप्रैल की रात “मां दुर्गा बॉडी बिल्डर” और “वेलकम कार गैराज” में चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने कॉपर केबल वायर, लोहे का सामान, कार एक्सेसरीज, लाइट और हेडलाइट समेत कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 से 45 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके के लोग लगातार आरोपी की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान समता नगर निवासी कार्तिक कर्मकार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। हालांकि आशंका है कि बाकी सामान बेच दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मामले की जांच जारी है।

इधर, टाटानगर जंक्शन रेल्वे स्टेशन पर “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल वर्मा उर्फ रोहित कुमार और रजत कुमार सिंह के रूप में हुई है। विशाल चाईबासा का रहने वाला है, जबकि रजत जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित गाड़ाबासा का निवासी बताया गया है। बताया गया कि दोनों आरोपियों ने स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को चोरी किए गए मोबाइल के साथ पकड़ लिया। बाद में दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया।

इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया। पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Share This Article