लौहनगरी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े पति-पत्नी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी को मिली थी गुप्त सूचना
नशे के खिलाफ इस कार्रवाई की शुरुआत 9 मई की शाम को हुई, जब वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को सूचना मिली कि बर्मामाइन्स के गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली इलाके से ब्राउन शुगर की एक बड़ी खेप लेकर आया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सिटी एसपी की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया।
घर में छापेमारी, 124 पुड़िया बरामद
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संतोष सिंह के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। मौके से मुख्य आरोपी संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरा नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस
गिरफ्तार पति-पत्नी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन पर प्रहार किया और गोविंदपुर इलाके से दो अन्य सहयोगियों— गौरव कुमार उर्फ अमर एवं अमित कुमार को भी धर दबोचा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नेटवर्क शहर में और कहाँ-कहाँ फैला हुआ है।
दर्ज हुआ मामला, जेल भेजने की तैयारी
पुलिस ने बर्मामाइन्स थाना कांड संख्या-26/26 के तहत BNS और NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com










