जमशेदपुर:
शहर में रविवार और सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं ने सनसनी फैला दी। कहीं रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने से दहशत का माहौल बना, तो कहीं सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच में जुटी हुई है।
रेलवे ट्रैक किनारे चालक का क्षत-विक्षत शव मिला
गोविंदपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक किनारे चालक संतोष लोहार (37) का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार वह सुबह काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रेन हादसा मान रही है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गैस सिलेंडर लदे ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 13 के पास इंडेन गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस हादसे में सबीहा खातून (54) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी इलाज के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि करीम सिटी कॉलेज के लाइब्रेरियन जावेद मसूद अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पोटका में भीषण सड़क हादसा, 5 घायल
पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मार्ग पर मारुति 800 और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों का इलाज जमशेदपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों में परसुडीह के तुपुडांगा निवासी विक्की भूमिज, सन्नी गागराई और कार्तिक सामद शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक भी पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
लगातार बढ़ रहे हादसे, सुरक्षा पर सवाल
शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और अन्य हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
ताजा अपडेट्स के लिए जुड़े रहें — joharnewstimes.com











