जमशेदपुर: फैक्ट्री के बाहर कंटेनर में लटका मिला राजस्थान के चालक का शव, सुसाइड से पहले कॉल पर बात करने की आशंका

कंटेनर में लटका मिला राजस्थान के चालक का शव, सुसाइड से पहले कॉल पर बात करने की आशंका

Johar News Times
2 Min Read

एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां खड़े एक कंटेनर के भीतर चालक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक चालक की पहचान हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। वह राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूबास गांव का रहने वाला था। वह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 को चलाता था।

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि चालक ने रविवार की देर रात कंटेनर के ऊपरी हिस्से में लगे पाइप से रस्सी का फंदा बांधकर अपनी जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और हेडफोन बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि घटना से ठीक पहले हवा सिंह किसी से फोन पर बात कर रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी गंभीर मानसिक तनाव या फोन पर हुए विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एमजीएम थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सही वजह जानने के लिए मृतक के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही आस-पास के लोगों और फैक्ट्री के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि रात के घटनाक्रम को पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके।

Share This Article