सुदूरवर्ती डुमरिया में पोटका विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों संग पेड़ के नीचे खाया खाना, एसआईआर और जनगणना पर की विशेष चर्चा

एसी कमरों को छोड़ सुदूर पहाड़ों में पहुंचे विधायक संजीव सरदार, जमीन पर बैठकर कार्यकर्ताओं संग किया सामूहिक भोजन।

Johar News Times
3 Min Read

पोटका के विधायक संजीव सरदार सोमवार को शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर सुदूरवर्ती डुमरिया प्रखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पार्टी की प्रखंड टीम, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मैराथन चर्चा की।

दौरे की सबसे अनूठी और आत्मीय तस्वीर तब देखने को मिली, जब बैठक खत्म होने के बाद विधायक संजीव सरदार ने किसी तामझाम के बिना, पहाड़ों और घने पेड़ों के बीच जमीन पर बैठकर पूरी टीम व ग्रामीणों के साथ सामूहिक भोजन किया। जहाँ आज के दौर में बड़े-बड़े नेता और जनप्रतिनिधि एसी कमरों से बाहर निकलने में कतराते हैं, वहीं विधायक की इस सादगी ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जमीन पर बैठकर साथ भोजन करना विधायक की सरलता और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके गहरे सम्मान को दर्शाता है।

एसआईआर और जनगणना अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स

बैठक के दौरान विधायक संजीव सरदार ने झारखंड में चल रहे एसआईआर एवं आगामी जनगणना अभियान को लेकर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए कहा,

“इस अभियान की सही और विस्तृत जानकारी हर घर तक पहुंचाना संगठन की बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनता को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जनगणना से जुड़ी आवश्यक बारीकियों के प्रति जागरूक करना सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना होगा।”

संगठनात्मक बैठक के बाद विधायक संजीव सरदार सीधे हाथीकोचा गाँव पहुंचे। यहाँ उन्होंने ग्रामीणों के साथ घंटों बैठकर सीधा संवाद स्थापित किया। विधायक ने एक-एक कर ग्रामीणों की बिजली, पानी, सड़क और राशन से जुड़ी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को फोन कर कई समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन करा दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनें और हेमंत सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास को बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच एक्टिव रहना होगा। उन्होंने साफ किया कि वर्तमान सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से मिर्जा सोरेन, भगत बास्के, जयपाल मुर्मू, अर्जुन मुर्मू, रामदास हेम्ब्रॉम, उदय हेम्ब्रॉम, भगत हांसदा, संजय किस्कु, अर्जुन मार्डी, मुखिया हेम्ब्रॉम समेत सैकड़ो की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article