घाटशिला थाना क्षेत्र के फुलडुंगरी स्थित एनएच-18 पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अनुमंडल अस्पताल के ठीक सामने हुआ। दोनों युवक आपस में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज गति में थी और चालक लहराते हुए वाहन चला रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर स्किट कर गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक छिटक कर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण हादसे में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस 108 को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
घायलों की पहचान गालूडीह के बड़बिल स्थित जमाईपाड़ा निवासी प्रीतम गोप और रघु गोप के रूप में हुई है। दोनों धालभूमगढ़ से अपने घर लौट रहे थे।
सिर में गंभीर चोट, MGM रेफर
डॉक्टरों के अनुसार प्रीतम गोप के सिर में गंभीर चोट लगी है और वह बेहोशी की हालत में था। स्थिति नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं दूसरे घायल रघु गोप का इलाज घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।
हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दोनों युवक हेलमेट पहने होते तो शायद चोट इतनी गंभीर नहीं होती। हादसे के बाद लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की है।











