पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को झींकपानी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित योजनाओं, विभिन्न सेवाओं के अद्यतन प्रतिवेदन और संधारित पंजियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करें ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में आमजन के लिए बेहतर माहौल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी कर्मियों के टेबल पर नाम, पदनाम और कार्यालय का स्पष्ट नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतीक्षा स्थल पर घड़े में पेयजल, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण और सामाजिक सुरक्षा कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे नोशनल हाउस नंबरिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर कम से कम 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जाए।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा कोषांग के लाभुकों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
अंचल कार्यालय को दिए कई अहम निर्देश
उपायुक्त ने अंचल कार्यालय को हिट एंड रन तथा आपदा से संबंधित मामलों में पारिवारिक सूची तैयार करने को कहा। इसके साथ ही म्यूटेशन, सीमांकन, एलपीसी, विभागों को भूमि हस्तांतरण सहित अन्य राजस्व सेवाओं से जुड़े आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने पर भी जोर दिया।
आवास, मनरेगा और पंचायत विकास योजनाओं पर फोकस
बीडीओ को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि आवास योजनाओं में लाभुकों को प्रेरित कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। मनरेगा योजनाओं के कार्यों में तत्परता बरतने और पोर्टल पर प्रतिवेदन की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सात पंचायतों में मुखिया के साथ समन्वय स्थापित कर चापाकल मरम्मत, पंचायत सचिवालयों के सौंदर्यीकरण और सेवाओं के उन्नयन का कार्य तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15वें वित्त आयोग की राशि से पेवर ब्लॉक और हैंडवॉश यूनिट उपलब्ध कराने की बात कही।
जनगणना 2027 प्रशिक्षण शिविर में भी हुए शामिल
उपायुक्त मनीष कुमार प्रखंड सभागार में आयोजित जनगणना 2027 के सुपरवाइजर एवं प्रगणक प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने मकान सूचीकरण और गणना प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए जनगणना कार्य को पूरी दक्षता और जिम्मेदारी से करने की अपील की।
कई योजनाओं और संस्थानों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने टुटुगुटू पंचायत के अर्जुनबासा स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया। इसके अलावा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बृजमोहन देवगम और सुरेश देवगम की आम बागवानी का अवलोकन किया।
उन्होंने जेएसएलपीएस से ऋण लेकर लक्ष्मी चातर द्वारा संचालित मुर्गी पालन एवं दीदी बाड़ी योजना का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुरजाबासा, पंचायत सचिवालय टुटुगुटू, वींगतोपांग स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम और एसीसी टाउनशिप में सीएसआर के तहत संचालित सक्षम-अडाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया।











