चाईबासा के पांच स्कूलों को मिला मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार, नक्सल प्रभावित क्षेत्र का स्कूल जिले में अव्वल

संसाधनों की कमी नहीं बनी बाधा, नक्सल प्रभावित क्षेत्र के स्कूल ने स्वच्छता में जिले में हासिल किया पहला स्थान

Johar News Times
2 Min Read

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025-26 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांच विद्यालयों का चयन किया गया है। स्वच्छता, स्वास्थ्य और हाइजीन के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाले इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को जिला मुख्यालय में उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चक्रधरपुर, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय हाटगम्हरिया और पीएमश्री राजकीय सेकेंडरी स्कूल टाटा कॉलेज कॉलोनी को दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं प्राथमिक विद्यालय सिमबंदा और साई मोंटेसरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, चक्रधरपुर को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

विशेष रूप से सोनुआ प्रखंड के सुदूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय सिमबंदा ने संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बावजूद स्वच्छता और हाइजीन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए 93.75 प्रतिशत रेटिंग हासिल की। इसके साथ ही विद्यालय पूरे जिले में प्रथम स्थान पर रहा और अन्य स्कूलों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा।

गौरतलब है कि प्राथमिक विद्यालय सिमबंदा को वर्ष 2021-22 में भी मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार दूसरी बार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय ने अपनी गुणवत्ता और प्रतिबद्धता को साबित किया है।

जिला प्रशासन ने चयनित सभी विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यालयों में स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share This Article