चाकुलिया में हाथियों का आतंक : भोजन की तलाश में गांवों में घुस रहे हाथी, दो की मौत से दहशत

चाकुलिया में हाथियों का आतंक : भोजन की तलाश में गांवों में घुस रहे हाथी, दो की मौत से दहशत

Johar News Times
3 Min Read

चाकुलिया प्रखंड इन दिनों जंगली हाथियों के आतंक से बुरी तरह प्रभावित है। भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर हाथी लगातार गांवों में घुस रहे हैं और लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पिछले पांच महीनों में हाथी के हमलों में एक पुरुष और एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, फरवरी माह में बांकशील गांव के 60 वर्षीय खगेन हेम्ब्रम की झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, उदाल गांव में घर में सो रहे 65 वर्षीय काशीनाथ पात्र पर हाथी ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। ताजा घटना सोमवार सुबह चौठिया बांधडीह टोला की है, जहां 75 वर्षीय दुलारी मुर्मू की हाथी के हमले में मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही हाथियों के गांव में घुसने का डर बढ़ जाता है।

- Advertisement -
Ad image

वन विभाग की टीम भी इस मामले को लेकर सक्रिय हो गई है। टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

हाथियों के साथ सांपों का भी बढ़ा खतरा

चाकुलिया क्षेत्र में हाथियों के अलावा सांपों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकुलिया के अनुसार, इस वर्ष अब तक सांप काटने के 21 मामले सामने आ चुके हैं। सभी मरीजों का इलाज किया गया है, हालांकि एक गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल रेफर करना पड़ा।

बरसात के मौसम में झाड़ियों और खेत-खलिहानों में सांपों के छिपने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे अंधेरे में बाहर निकलना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा हो गया है।

- Advertisement -
Ad image

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक इलाके में भय का माहौल बना रहेगा।

Share This Article