सरायकेला-खरसावां की बड़ी जीत: नारायणपुर पंचायत को PAI में मिला ‘A’ ग्रेड, जल प्रबंधन में राज्य भर में लहराया परचम

जल प्रबंधन में नारायणपुर पंचायत ने गाड़ा सफलता का झंडा।

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नाम एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित नारायणपुर पंचायत ने पंचायत विकास सूचकांक (PAI 2.0) वर्ष 2023-24 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की श्रेष्ठ पंचायतों में अपनी जगह बना ली है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की रिपोर्ट में इस पंचायत को ओवरऑल ‘A’ ग्रेड से नवाजा गया है।

जल प्रबंधन में ऐतिहासिक प्रदर्शन (A+ ग्रेड)

नारायणपुर पंचायत ने सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में किया है। ‘वॉटर सफिशिएंट पंचायत’ की श्रेणी में पंचायत ने 91.24 अंक हासिल कर A+ ग्रेड प्राप्त किया है। कभी पानी की बूंद-बूंद के लिए संघर्ष करने वाली इस पंचायत ने आज जल प्रबंधन के मामले में पूरे प्रदेश के सामने एक मिसाल पेश की है।

- Advertisement -
Ad image

कैसे बदला तस्वीर: 50 सोलर जलमीनार और घर-घर सप्लाई

पंचायत के मुखिया रोहीदास हो की दूरदर्शिता और सक्रियता ने इस बदलाव को संभव बनाया है। लगभग 5872 की आबादी वाली इस पंचायत में शामिल 7 गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया:

  • स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
  • पंचायत के विभिन्न हिस्सों में करीब 50 सोलर संचालित जलमीनार स्थापित किए गए हैं।
  • पहले जहाँ ग्रामीण एक ही पानी टंकी पर निर्भर थे, अब बेहतर जलापूर्ति तंत्र से अधिकांश घरों तक पानी पहुँच रहा है।

सम्मान और गर्व का क्षण

इस शानदार उपलब्धि के लिए पंचायती राज विभाग द्वारा मुखिया रोहीदास हो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता बेहतर योजना क्रियान्वयन और जनभागीदारी का परिणाम है। झारखंड की 4345 पंचायतों के मूल्यांकन के बीच सरायकेला की इस पंचायत का उभरना जिले के लिए गर्व का विषय है।

Share This Article