पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक तनाव हिंसक रूप लेता दिख रहा है। उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा और जगदल में रविवार रात करीब 9 बजे TMC और BJP समर्थकों के बीच जोरदार झड़प हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, विवाद जगदल थाना के पास शुरू हुआ और देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इस दौरान पत्थरबाजी, गोलीबारी और देसी बम फेंके जाने के आरोप लगे हैं। घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का एक जवान घायल हो गया, जिसे भाटपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला उस समय बिगड़ा जब BJP उम्मीदवार राजेश कुमार एक केस की कॉपी लेने जगदल थाना पहुंचे थे। उसी दौरान TMC पार्षद मनोज पांडेय अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। थोड़ी देर बाद भाजपा नेता अर्जुन सिंह भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई और स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई।
हिंसा जगदल से आगे घोषपाड़ा रोड तक फैल गई, जहां दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़े गए, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया।

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह के घर पर भी बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम में तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि एक CISF जवान को गोली लगने का दावा किया गया है।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बैरकपुर में ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित करेंगे और इसके बाद कोलकाता में रोड शो करेंगे। राज्य में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है और उससे पहले चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है।











