जामताड़ा: जिले के फतेहपुर बाजार में शुक्रवार देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकानदार से लूटपाट कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर ज्वेलरी दुकानदार अमरजीत बर्मन घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर बस स्टैंड के समीप बजरंगबली मंदिर के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर नकदी और आभूषण लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। उस समय बाजार में लोगों की आवाजाही होने के बावजूद अपराधी आसानी से भाग निकलने में सफल रहे। घटना से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। फतेहपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अरविंद मंडल ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पुलिस पिकेट की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद की चेतावनी भी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल लूटे गए सामान और नकदी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
