रांची: डोरंडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रेटर रांची डेवलपमेंट एजेंसी (जीआरडीए) ने सीएसआर फंड के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक एंबुलेंस डोरंडा स्थित राजकीय औषधालय (पीएचसी) को उपलब्ध कराई है।
सोमवार को आयोजित समारोह में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने एंबुलेंस की चाबी सदर अस्पताल के डॉ. ताबान रिजवी को सौंपते हुए वाहन को हरी झंडी दिखाकर डोरंडा अस्पताल के लिए रवाना किया। मंत्री आवास के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में जीआरडीए के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदक्योलियार ने संस्था की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध कराई। इस अवसर पर मंत्री का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान भी किया गया।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि डोरंडा अस्पताल को एंबुलेंस मिलने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एंबुलेंस को राजकीय अस्पताल की प्रभारी डॉ. मिता सिन्हा को सौंप दिया गया। मौके पर जीआरडीए के शशि भूषण पाठक और साकेत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
