जमशेदपुर से जुड़े चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड की जांच अब तेज हो गई है। इस मामले में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की पुलिस ने रविवार देर शाम जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बजरंग टेकरी निवासी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की की कार्रवाई की।
बताया गया कि 13 फरवरी 2026 को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या हुई थी, जिसके बाद से कई आरोपी फरार चल रहे हैं। जांच के दौरान देहरादून पुलिस बागबेड़ा पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंची और वहां से कई सामान जब्त किए। जब्त किए गए सामानों की सूची तैयार कर उन्हें बागबेड़ा थाना को सौंप दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी आकाश प्रसाद हत्या के समय घटनास्थल पर मौजूद था। जांच में यह बात सामने आई है कि उसने शूटर्स को घटनास्थल से फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कुर्की अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, ताकि अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इस मामले में देहरादून पुलिस को हाल ही में बड़ी सफलता तब मिली थी, जब एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को 13 मई को सहारनपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित सूर्यलोक होटल के सामने से गिरफ्तार किया गया था।

जांच में खुलासा हुआ है कि 12 मई को यशराज अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार गया था और वहां से कानूनी सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हरिद्वार पुलिस के अनुसार, यशराज सिंह के कहने पर ही रांची से शूटरों को दिल्ली के लिए विमान से भेजा गया था। अब पुलिस दिल्ली में शूटर्स के ठहरने की व्यवस्था और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस हत्याकांड में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
