बोकारो में वार्ड सदस्य पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

बोकारो में वार्ड सदस्य पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

Johar News Times
2 Min Read

बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र स्थित बांधडीह बस्ती में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड नंबर-13 के सदस्य संजय साव पर चालक शशि वर्णवाल और उसके भाई ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में संजय साव गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घायल का इलाज जारी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घायल संजय साव ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके भाई की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। गाड़ी चालक शशि वर्णवाल चला रहा था। लापरवाही को देखते हुए संजय ने उसे आगे से गाड़ी नहीं चलाने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

संजय साव के अनुसार, विवाद के दौरान शशि वर्णवाल ने धमकी देते हुए कहा था, “रुको, मैं और आदमी लेकर आता हूं।” आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने भाई और अन्य लोगों के साथ पहुंचा और घर के पास ही संजय पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद संजय साव किसी तरह जान बचाकर अपने घर की ओर भागे। CCTV फुटेज में भी साफ दिखाई दे रहा है कि घायल संजय को आरोपी दौड़ा रहे हैं और वह बचने के लिए घर के अंदर घुस जाते हैं। पीड़ित के घर में घुसते ही आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के संबंध में संजय साव ने जरीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।

Share This Article