रांची में मंगलवार को महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने राज्यव्यापी आंदोलन किया। राजधानी से लेकर कई जिलों तक पेट्रोल पंपों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
राजधानी रांची में रातू रोड, कचहरी रोड, हरमू, डोरंडा, बिरसा चौक, लालपुर और कांटाटोली सहित कई पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक इसमें शामिल हुए और बढ़ती महंगाई पर विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश अनोखे अंदाज में घोड़ा गाड़ी और टमटम से जुलूस की शक्ल में कांग्रेस भवन से शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए लालपुर पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां उन्होंने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है और ईंधन की कीमतें आम लोगों की कमर तोड़ रही हैं। उनके अनुसार सरकार ने पेट्रोल-डीजल को जनसुविधा के बजाय राजस्व का साधन बना दिया है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसे केवल विरोध नहीं बल्कि जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि लोगों का बढ़ता समर्थन यह दिखाता है कि जनता मौजूदा आर्थिक नीतियों से असंतुष्ट है। अभियान में प्रदीप तुलस्यान, सुनीत शर्मा, रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, अभिलाष साहू और सूर्यकांत शुक्ला सहित कई नेता मौजूद रहे। इसी क्रम में नामकुम के सैमलौंग क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के पास प्रोफेशनल कांग्रेस ने भी अलग से हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें आदित्य विक्रम जायसवाल के नेतृत्व में लोगों से महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करने और हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन देने की अपील की गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इसमें हिस्सा लिया और बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई।
