भुवनेश्वर, ओडिशा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में किंडरगार्टन (KG) से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) तक की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की वित्तीय बाधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि यह पहल उन्हें आगे बढ़ने और उच्च शिक्षा हासिल करने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। सरकार के अनुसार, इस निर्णय से राज्य के लाखों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। स्कूल स्तर से लेकर स्नातकोत्तर शिक्षा तक फीस का बोझ खत्म होने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ने और ड्रॉपआउट दर कम होने की भी उम्मीद है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक विकास की सबसे मजबूत नींव है। राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाने और युवाओं को बेहतर भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के इस फैसले को शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होगी, बल्कि सामाजिक समानता और मानव संसाधन विकास को भी नई गति मिलेगी।
