कोडरमा: बस यात्रियों को अब सफर के लिए अधिक खर्च करना होगा। 1 जून से कोडरमा जिले से संचालित बसों के किराए में 15 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी लागू होगी। डीजल, टोल टैक्स, टायर और मोटर पार्ट्स की बढ़ती कीमतों को देखते हुए बस संचालकों ने यह फैसला लिया है।
बस ओनर्स एसोसिएशन की बैठक में फैसला
कोडरमा जिला बस ओनर्स एसोसिएशन की बैठक शनिवार को झुमरीतिलैया बस स्टैंड के समीप आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धर्मेंद्र उर्फ बंशी यादव ने की, जबकि संचालन सचिव संजय यादव ने किया। बैठक में विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों के किराए में वृद्धि का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि हाल के दिनों में डीजल की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा टोल टैक्स, टायर और अन्य ऑटो पार्ट्स की लागत भी बढ़ी है, जिसके कारण किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया।
रांची, हजारीबाग, रामगढ़ समेत कई रूट प्रभावित
झुमरीतिलैया से संचालित लगभग 55 बसों में सफर करने वाले यात्रियों पर इसका असर पड़ेगा। इनमें 15 एसी और 30 नॉन-एसी बसें शामिल हैं।
नए किराए के अनुसार:
- रांची: एसी ₹350 से बढ़कर ₹400, नॉन-एसी ₹300 से ₹350
- हजारीबाग: एसी ₹120 से ₹150, नॉन-एसी ₹120 से ₹140
- रामगढ़: एसी ₹200 से ₹250, नॉन-एसी ₹200 से ₹220
- गिरिडीह: नॉन-एसी ₹200 से ₹250
- नवादा: एसी ₹170 से ₹200, नॉन-एसी ₹150 से ₹180
- चतरा: नॉन-एसी ₹200 से ₹220
सामान ढुलाई भी होगी महंगी
बस किराए के साथ-साथ परिवहन शुल्क में वृद्धि का असर माल ढुलाई पर भी पड़ेगा। ट्रांसपोर्टिंग लागत बढ़ने से कई उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। बस संचालकों ने बताया कि इससे पहले किराए में संशोधन करीब पांच वर्ष पहले किया गया था। बैठक में मोहन यादव, गोरेलाल यादव, बैजू लाला, संतोष यादव सहित कई बस संचालक मौजूद थे।
