बरसोल: खंडामौदा पीएम श्री प्लस टू स्कूल में समर कैंप संपन्न, पेंटिंग के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खंडामौदा पीएम श्री स्कूल में समर कैंप का समापन: बच्चों ने पोस्टर्स से कहा- 'नो टू सिंगल यूज प्लास्टिक', प्रधानाध्यापक ने दिया जल और पेड़ बचाने का संदेश।

Johar News Times
2 Min Read

पीएम श्री खंडामौदा प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित एक साप्ताहिक समर कैंप बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कैंप के अंतिम दिन विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कला के माध्यम से सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील करते हुए बेहद आकर्षक पेंटिंग और पोस्टर बनाए।

शिविर के समापन सत्र में विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि जल ही जीवन का आधार है और इसके बिना सृष्टि की कल्पना असंभव है। इस एक सप्ताह के दौरान प्रतिदिन विभिन्न ज्ञानवर्धक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कर बच्चों को पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित किया गया।

समापन के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल कुमार ने पर्यावरण संतुलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा:

“पर्यावरण की रक्षा के लिए हम सभी को अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए। वृक्षारोपण से न सिर्फ हमारी धरती हरी-भरी रहती है, बल्कि पर्यावरण भी संतुलित होता है। आज दुनिया भर में जो कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे के हालात दिख रहे हैं, वह असंतुलित पर्यावरण का ही नतीजा है। ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्या भी इसी कारण पैदा हुई है।”

समर कैंप के सफल आयोजन में मुख्य रूप से शिक्षक मानिक मिश्रा, ऊषा कुमारी, हर भूषण कमिला, जयदेव माझी, होरीहर मैत्य, मुकेश सिंह, प्रभाकर शर्मा, चन्दन महातो और राहुल माहिती सहित स्कूल के अन्य कर्मियों और छात्र-छात्राओं की सराहनीय भूमिका रही।

Share This Article