गढ़वा , जिले के समाहरणालय के समीप स्थित एक सरकारी स्कूल की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश को प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए विफल कर दिया। सूचना मिलने के महज 10 मिनट के भीतर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
जानकारी के अनुसार, दो जागरूक नागरिकों ने फोन कर एसडीएम को बताया कि समाहरणालय के पास स्कूल की जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन के पहुंचने की भनक लगते ही निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री और मजदूर वहां से फरार हो गए।
तीन फीट तक बन चुकी थी दीवार
मौके पर पहुंचने पर एसडीएम ने पाया कि स्कूल की जमीन को घेरने के उद्देश्य से करीब तीन फीट ऊंची बाउंड्री तेजी से खड़ी कर दी गई थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी निर्माण कराने वाले व्यक्ति का नाम बताने की हिम्मत नहीं दिखाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल कच्ची दीवार को गिरवा दिया।
निर्माण सामग्री जब्त करने का निर्देश
एसडीएम ने अंचल पदाधिकारी सफी आलम को मौके पर मौजूद ईंट, सीमेंट और बालू सहित अन्य निर्माण सामग्री को जब्त करने का निर्देश दिया। साथ ही कल्याणपुर मुखिया अशोक चंद्रवंशी को परिसर की निगरानी रखने और स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी जुटाने को कहा गया।
पहले भी हो चुका है कब्जे का प्रयास
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश की गई थी, जिसे उस समय भी एसडीएम संजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हटवाया था।
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचल पदाधिकारी और राजस्व कर्मियों को ऐसे मामलों पर सतर्क निगरानी रखने और सूचना मिलते ही सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर अंचल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।










